जिस बालत्तर नस्ल के ऊंट ने ढोला और मारू के प्रेम को परवान चढ़ाया था, वह सोमवार तक बटेश्वर मेला की शान बना रहा। राजस्थान के रेगिस्तान में11वीं सदी की लोक कथा में ढोला-मारू की प्रेम कहानी से जुड़े बालत्तर नस्ल के ऊंट पर बटेश्वर मेला में पारखी लट्टू रहे। उजड़ते ऊंट मेला में सोमवार तक बालत्तर नस्ल का ऊंट श्याम आकर्षण का केन्द्र बना रहा।
दौसा राजस्थान के ललसोर के राहुल ने राजस्थान की लोक कथा ढोला मारू कहानी सुना कर अपने ऊंट श्याम की खूबी बताई तो पारखियों की नजर हटी नहीं। उसने बताया कि दिखने में आकर्षक बालत्तर नस्ल का ऊंट श्याम रेगिस्तान में घोडे़ से भी तेज दौड़ने में माहिर है। उसकी खूबसूरती पर फिदा हुए पारखी खूबियां जान कर आश्चर्य में पड़े बिना नहीं रहे।
राहुल ने बताया कि श्याम अभी 11 महीने का है। रेगिस्तान में दौड़ के साथ ही ऊंची चढ़ाई में भी माहिर हो गया है। उन्होंने बताया कि बालत्तर नस्ल के ऊंट की काठी ऊंची तथा मुंह पतला होता है। राहुल ने बताया कि वह बटेश्वर मला में 9 ऊंट लेकर आए थे। जिनमें बालोत्तर, सांचोर, नागोर नस्ल के ऊंट शामिल हैं। सोमवार को अपना बालत्तर ऊंट श्याम को 45 हजार रुपये में बेच कर वह वापस लौट गए।
ये है ढोला-मारू के प्रेम की राजस्थानी लोक कथा
राजस्थानी लोक कथा के मुताबिक नरवर के राजा नल के पुत्र साल्हकुमार (ढोला) और बीकानेर के पूंगल क्षेत्र के पंवार राजा पिंगल की पुत्री (मारू) का बचपन में विवाह हुआ था। गौना नहीं हुआ था। वयस्क होने पर साल्हकुमार की दूसरी शादी मालवणी से कर दी गई, परंतु राजकुमारी को गौने का इंतजार था। जानकारी होने पर ढोला बालत्तर नस्ल के ऊंट से मारू से मिलने के लिए पहुंचता है। ऊंट से लौटते समय दोनों को रोकने के लिए उमर सूमरा घोड़े से पीछा करता है। लेकिन रेगिस्तान में ऊंट को पकड़ नहीं पाता है और उनका प्रेम परवान चढ़ जाता है।