उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सपा का सियासी शंखनाद आगरा से शुरू होगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 30 जिलों से दलित सम्मेलन में कार्यकर्ता जुटेंगे। भाजपा शासन में दलित उत्पीड़न और महापुरुषों की प्रतिमाओं के अनादर से आहत बहुजन समाज अब विकल्प की तलाश में है। सपा की नजर दलित समाज पर है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
भारतीय जनता पार्टी के अभेद्य सियासी किले में दलित कार्ड के जरिये सेंध लगाने की तैयारी कर रही समाजवादी पार्टी आगरा से विधानसभा चुनाव-2027 का औपचारिक शंखनाद करने जा रही है। 15 नवंबर को पंचकुइयां स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) मैदान में दलित सम्मेलन का आयोजन होगा।
विज्ञापन
जिसमें सपा पश्चिम के 30 जिलों के कार्यकर्ताओं और बहुजन समाज को एक मंच पर जुटाकर सूबे में सत्ता परिवर्तन का बिगुल फूंकेगी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अगुवाई में होने वाले इस सम्मेलन में आगरा, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, बरेली और मुरादाबाद मंडलों से अनुसूचित वर्ग के एक लाख से अधिक लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने कहा कि आगरा ऐतिहासिक रूप से दलितों की सामाजिक-राजनीतिक चेतना की राजधानी रहा है। भाजपा शासन में दलित उत्पीड़न और महापुरुषों की प्रतिमाओं के अनादर से आहत बहुजन समाज अब विकल्प की तलाश में है।
विज्ञापन
Trending Videos
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि बसपा के खिसकते जनाधार के बीच 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव में दलित मतदाताओं ने सपा गठबंधन को मजबूती दी थी। सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले में डी यानी दलित वर्ग प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की मुख्य धुरी है और आगरा इस वर्ग का मुख्य आधार केंद्र है।
सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास का कहना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलित मतदाताओं का रुझान हमेशा सरकार बनाने में निर्णायक रहा है। अब आगरा से दलित सामाजिक ध्रुवीकरण की नई बिसात बिछाकर 2027 के सियासी संग्राम में भाजपा के धार्मिक ध्रुवीकरण से बने गढ़ को ध्वस्त किया जाएगा।
चुनावी आंकड़ों में सियासी मिजाज
2017 और 2022 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने लगातार आगरा की सभी 9 विधानसभा सीटों पर क्लीन स्वीप किया। हालांकि, 5 सीटों पर समाजवादी पार्टी दूसरे स्थान पर रहकर मुख्य प्रतिद्वंद्वी के रूप में उभरी।
2007 विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी ने जिले की 9 में से 6 सीटों पर जीत दर्ज कर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। 2012 में दूसरी बार 6 सीट जीती।
2012 विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को जिले की 9 सीटों में से महज 1 सीट पर सफलता हासिल हुई। जबकि 1993 में सपा ने एत्मादपुर सीट जीती थी।
पश्चिम की 140 सीटों के लिए बिसात
उत्तर प्रदेश के छह मंडल के 30 जिलों के लिए 15 को आगरा से अखिलेश यादव सामाजिक ध्रुवीकरण की बिसात बिछाएंगे। इन मंडलों में 140 विधानसभा सीटें हैं। 18वीं विधानसभा 2022 चुनाव और उसके बाद के उपचुनावों में आगरा, अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर और बरेली में कुल 140 विधानसभा सीट में 111 पर भाजपा का दबदबा है। इनमें 29 पर सपा जीती थी। बसपा का यहां पिछले चुनाव में खाता तक नहीं खुला था।
वाल्मीकि बस्तियों में झोंकी ताकत
समाजवादी पार्टी के 15 नवंबर को पंचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान में होने वाले दलित महासम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में वाल्मीकि बस्तियों में बैठक और पंचायतों का दौर चला। जनसंपर्क के दौरान महिलाओं की भागीदारी पर जोर रहा।
बसई और रुई की मंडी वाल्मीकि बस्ती में सभाएं आयोजित की गईं। शब्बीर ने कहा कि अनुसूचित जाति में करीब 48.6 प्रतिशत आबादी महिलाओं की है। ऐसे में सामाजिक बराबरी और अधिकारों की लड़ाई में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की मजबूत उपस्थिति जरूरी है। इस दौरान प्रदेश सचिव राहुल चतुर्वेदी, धर्मेंद्र यादव, विनय अग्रवाल, डॉ. बबलू सिंह, रामजीलाल विद्यार्थी, बंटी यादव और पूनम वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।