आगरा में न्यू आगरा थाने के पास बेसमेंट में मानकों को दरकिनार कर संचालित कैफे और लाइब्रेरी पर पुलिस ने कार्रवाई की। तलाशी में आपत्तिजनक सामान मिलने और सुरक्षा मानक पूरे न होने पर कैफे बंद कराया गया और संचालक समेत तीन का चालान किया गया।
आगरा के थाना न्यू आगरा से थोड़ी दूरी पर मार्केट के बेसमेंट में बनी दुकान में मानकों को दरकिनार कर कैफे और लाइब्रेरी संचालित होती पकड़ी गई। तलाशी में पुलिस को आपत्तिजनक सामान भी मिला। पुलिस ने कैफे बंद कराकर संचालक समेत तीन का शांतिभंग की धारा में चालान किया।
विज्ञापन
थाने के पास सर्विस रोड पर होटल आशादीप के पास मार्केट के बेसमेंट में खाटू श्याम नाम से कैफे और लाइब्रेरी संचालित हो रही थी। सुबह से देर रात तक युवक-युवतियों का आना-जाना होता था। मार्केट के लोग आपत्तिजनक गतिविधियों की शिकायत कर रहे थे। सोमवार को पुलिस जांच करने पहुंची। कैफे में सीसीटीवी कैमरे नहीं थे। आग से बचाव का भी कोई इंतजाम नहीं था। लाइब्रेरी के नाम पर छोटे केबिन बने थे।
मौके पर आपत्तिजनक वस्तुएं भी मिली। पुलिस ने संचालक सुरेंद्र को नोटिस देकर कैफे को बंद करवा दिया। संचालक के साथ मौके पर मिले आशीष और ऋषि तीनों का शांतिभंग की धारा में चालान किया गया। अंदर मिली दो युवतियों को उनके परिजन को बुलाकर सुपुर्दगी में दिया गया। पुलिस का कहना है कि कैफे, मिनी मल्टी प्लेक्स और लाइब्रेरी की जांच के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। एडीसीपी हिमांशु गौरव ने बताया कि मानक पूरे नहीं होने पर कैफे बंद करवाकर विधिक कार्रवाई की गई है।