पटियाली, मैनपुरी। एक ठग सुनार को नकली हार थमाकर घर पर आभूषण दिखाने के बहाने लगभग 1.75 लाख रुपये की ठगी कर ले गया। समाचार लिखे जाने तक मामले की प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कस्बा के तहसील मोड़ के निकट चौधरी ज्वेलर्स की दुकान पर एक ठग पड़ोसी दुकानदार के साथ सोने का नकली हार लेकर पहुंचा। उस समय दुकान पर संचालक तपन कुमार बैठे थे। ठग ने दुकानदार को हार ठीक करने के लिए कहा। इस बीच उसने दुकानदार से अंगूठी, जंजीर दिखाने को कहा। दुकानदार ने उसे अंगूठी जंजीर दिखा दी। उसने पांच अंगूठी व तीन जंजीर पंसद करने के बाद दुकानदार से आभूषण घर पर दिखाने के लिए कहा।
दुकानदार ने पास में हार होने एवं पड़ोस के दुकानदार के साथ आने के कारण उसे आभूषण ले जाने दिए। जब काफी देर तक वह वापस नहीं आया तो दुकानदार को चिंता हुई। उसने हार की जांच की तो वह नकली निकला। जब इस बात की जानकारी आसपास के दुकानदारों को हुई तो काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे से पुटेज चैक करने के बाद इनको जांच के लिए ले कब्जे में ले लिया है। पुलिस को अभी इस मामले में तहरीर नही मिली है। तहरीर मिलने पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करेगी।-डीके पंत, सीओ पटियाली