आगरा के बेलनगंज स्थित चार मंजिला गोदाम में सोमवार रात को दर्दनाक हादसा हो गया। गोदाम की लिफ्ट गिरने से मैसर्स राजेश इलेक्ट्रिक फर्म के मालिक राजेश गुप्ता (52) की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। देर रात परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
प्रोफेसर कालोनी, कमला नगर निवासी राजेश गुप्ता का बेलनगंज स्थित भागीरथ पैलेस में इलेक्ट्रिक सामान का कारोबार है। उनके भाई मुकेश गुप्ता का गोदाम हीरालाल हलवाई के सामने बना है। गोदाम चार मंजिला है। गोदाम में लिफ्ट लगी है। सामान उतारने और ले जाने में लिफ्ट का प्रयोग किया जाता था।
तीसरी मंजिल पर लिफ्ट की चेन टूटी
परिजनों ने बताया कि सोमवार रात तकरीबन आठ बजे राजेश गुप्ता लिफ्ट से नीचे आ रहे थे। तीसरी मंजिल पर लिफ्ट की चेन टूट गई। वो भरभराकर नीचे आ गिरी। हादसे में कारोबारी को काफी चोट आईं। परिजन उन्हें आनन-फानन में सिकंदरा स्थित अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।