मैनपुरी। प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ की घटना का असर मैनपुरी के श्रद्धालुओं पर भी पड़ा। मंगलवार रात व बुधवार तड़के जो श्रद्धालु यहां से बसों से रवाना हुए थे। उनकी बसों को प्रयागराज के बॉर्डर जिलों में रोक दिया गया। इससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शासन के आदेश पर एआरटीओ ने मैनपुरी की बसों की स्थिति पता लगाई तो निजी बसों की संख्या 22 और रोडवेज बसों की संख्या 15 के करीब सामने आई है।
रोडवेज की बसों को फतेहपुर जिले में हाईवे पर रोका गया। इनमें 800 से अधिक श्रद्धालु सवार बताए गए हैं। वहीं, मैनपुरी व अन्य जिलों से श्रद्धालुओं को लेकर रवाना हुईं 22 निजी बसों को फतेहपुर व प्रयागराज बॉर्डर के 50 किमी के दायरे में रोका गया है। एआरटीओ शिवम यादव ने बताया कि बस चालकों के जरिये श्रद्धालुओं की स्थिति का पता किया गया है। मैनपुरी से रवाना बसों के बारे में पता लगा है कि जो बसें मंगलवार रात को मैनपुरी से रवाना हुईं थीं। उन्हें बुधवार शाम को प्रयागराज में प्रवेश दिया गया है। हालांकि 15 किलोमीटर पहले ही उन बसों को रुकवा लिया गया है। वहीं, बुधवार को रवाना बसें 50 किमी के दायरे में हैं।
लोगों ने अपनों को लगाए फोन
महाकुंभ में हुई घटना के बाद जिले के लोगों ने अपने परिचित, जो कि महाकुंभ में गए हुए हैं, उनको फोन किया। कुशलक्षेम लिया गया। अपनों का कुशलक्षेम जानने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
मैनपुरी का नहीं कोई हताहत
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि वह घटना पर निगाह बनाए हुए हैं। प्रयागराज प्रशासन या शासन स्तर से बुधवार देर शाम तक मैनपुरी से संबंधित किसी श्रद्धालु के हताहत होने की कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। लोगों से अपील है कि अगर उनके परिचित महाकुंभ गए हैं, तो वह धैर्य बनाए रखें। प्रशासन-शासन सभी श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्था कर रहा है।
मंगलवार रात को श्रद्धालुओं से भरी बस को लेकर मैनपुरी से प्रयागराज के लिए रवाना हुए थे। बुधवार को शाम सवा आठ बजे तक प्रयागराज प्रशासन ने रास्ते में बनाए होल्डिंग एरिया बमरौली चौकी क्षेत्र में रोककर रखा गया है।
- राघव, बस चालक
मंगलवार श्रद्धालुओं से भरी बस को लेकर मैनपुरी से प्रयागराज के लिए रवाना हुए थे। प्रयागराज महाकुंभ में हादसे के बाद उनकी बस को पुलिस-प्रशासन ने प्रयागराज से 50 किमी पहले ही होल्डिंग एरिया में रोक दिया है।
- मनोज, बस चालक