फतेहाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के अंतर्गत किलोमीटर संख्या 32 पर दिल्ली जा रही दो बसें आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना में एक बस के परिचालक और एक यात्री को गंभीर चोटें आई हैं।
उन्नाव निवासी सुभाष अपनी बस में लखनऊ से सवारियां लेकर दिल्ली जा रहा था। वहीं, फर्रुखाबाद निवासी करुणा शंकर भी प्रयागराज से बस लेकर दिल्ली की ओर जा रहा था। रात करीब 12 बजे लखनऊ की ओर से आ रही बस ने आगे चल रही दूसरी बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में लखनऊ-दिल्ली रूट की बस के परिचालक कांते शर्मा (निवासी बाराबंकी) और यात्री रविंद्र कुमार (निवासी दानपुर, बाराबंकी) घायल हो गए। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार शुरू हो गई।
पुलिस और यूपीडा ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने घायलों को तत्काल एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेजा। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया। बस में सवार अन्य यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बसों के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना किया।