बैठक करते डिप्टी सीएम केशव प्रसाद माैर्य।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
महिला विश्व कप में आगरा की बेटी ने ऐतिहासिक काम किया है। सभी जनप्रतिनिधियों की मांग है जिले में दीप्ति शर्मा के नाम पर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनाया जाए। इसके लिए जल्द प्रस्ताव भेजा जाएगा। यह घोषणा सर्किट हाउस में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रेसवार्ता में की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीसरी बार भी भाजपा की सरकार बनेगी। सरकार के गठन से पहले आगरा में एयरपोर्ट बनकर तैयार हो जाएगा। सभी प्रतिनिधि यमुना पर डैम की मांग कर रहे हैं। इसका प्रस्ताव भी भेजा जाएगा।
उप मुख्यमंत्री बुधवार को जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद जिले के विकास कार्यों की समीक्षा करने आए थे। उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए चलाई जा रही पेंशन, आवास, राशन आदि योजनाओं के लेने में पात्र लाभार्थियों को कोई अड़चन न आए इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। शहर में खारे पानी की समस्या को खत्म करने और जल जीवन मिशन से हर घर तक नल पहुंचाने के लिए कार्य हो रहा है। पेयजल की आपूर्ति के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश है कि वह जिलास्तर से हो तो जिले से योजना बनाएं और शासन स्तर से है तो हम करेंगे। लेकिन 100 फीसदी खारे पानी की समस्या का अंत होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिकायत मिली थी कि संगठित रूप से कुछ लोग किताबों को महंगी दर पर बेच रहे हैं। उसके खिलाफ अब तक जो कार्रवाई हुई है उससे भी अधिक शक्ति से निपटा जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किताब और काॅपी उचित दर पर ही मिलें। इसके साथ ही प्रतिष्ठित स्कूलों में गरीब बच्चों को प्रवेश दिलाने के निर्देश दिए है। साथ ही उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर किसी भी उपभोक्ता को परेशान नहीं किया जाएगा। गेहूं खरीद केंद्रों पर जो भी अव्यवस्थाएं हैं उन्हें शीघ्र दुरुस्त कर खरीद शुरू होगी। गर्मियों के दिन है अमृत सरोवरों में पानी भरवाया जाएगा।
गायों के लिए होगी नेपियर घास
उन्होंने कहा कि जनपद में गोचर भूमि को पूरी तरह कब्जा मुक्त कराया जाएगा। उसमें गोवंश के लिए नेपियर घास तैयार की जाएगी। इससे सालभर हरे चारे की जरूरत पूरी हो सके। गोवंश संरक्षण केे लिए गोशालाओं में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं।