मैनपुरी। महाकुंभ में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। दूरदराज के गांव से श्रद्धालुओं का जत्था अगर महाकुंभ जाता है तो उसे बस अड्डे तक आने की जरूरत नहीं रहेगी। ग्राम प्रधान या क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति 30 से अधिक श्रद्धालुओं की जत्था होने की दशा में सीधे गांव तक ही बस को बुला सकेंगे।
एआरएम मैनपुरी की ओर से सोमवार को इस संबंध में सूचना जारी की गई। इधर, सोमवार को दो बसें मैनपुरी बस अड्डे से प्रयागराज महाकुंभ के लिए रवाना हुईं।
एआरम संजीव कुमार ने बताया कि परिवहन निगम ने श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए यह सेवा शुरू की है। ग्राम प्रधान संगमनगरी तक जाने के लिए गांव में ही रोडवेज बस मंगा सकते हैं। उन्हें बस में श्रद्धालुओं की बुकिंग करानी होगी। बस फुल होने पर दो सवारियों का किराया भी माफ कर दिया जाएगा।