मथुरा के गोवर्धन में राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला शुक्रवार से शुरू हो गया। पहले ही दिन परिक्रमा मार्ग पर अव्यवस्थाएं दिखने को मिलीं। देर शाम परिक्रमा मार्ग पर दो सांड़ में लड़ाई हो गई, जिससे वहां भगदड़ मच गई।
भगदड़ के दौरान महिला सहित तीन श्रद्धालु घायल हो गए। महिला के गंभीर चोट आई हैं। पुलिस ने घायल श्रद्धालुओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहीं घटना से डरे श्रद्धालुओं ने प्रशासन की तैयारियां पर नाराजगी जताई।
गिरिराज जी की परिक्रमा करने के लिए गुरुवार की रात से ही गोवर्धन में भक्तों की भीड़ पहुंचना शुरू हो गई थी। शाम से भीड़ और बढ़ गई। भक्तों ने दानघाटी मंदिर पर पूजा-अर्चना करने के बाद अपनी परिक्रमा शुरू की।
परिक्रमा मार्ग पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सभी प्रकार के वाहन परिक्रमा मार्ग में बंद कर दिए हैं। वहीं आवारा गोवंश से परिक्रमा मार्ग पर खुले घूम रहे हैं, जो परिक्रमार्थियों के लिए खतरा का सबब बन रहे हैं।