कुबेरपुर(आगरा)। छलेसर झरना नाले के किनारे राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने शनिवार को पुलिस प्रशासन के सहयोग से सख्त कार्रवाई की। बुलडोजर ने आधा दर्जन से अधिक अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया।
छलेसर झरना नाले और राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर लंबे समय से अवैध रूप से दुकानें लगी हुई थीं। पूर्व में कई बार एनएचएआई और प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी जा चुकी थी। कुछ समय पहले भी अधिकारियों ने निरीक्षण कर दुकानदारों को स्वयं अवैध दुकानें हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण यथावत बना रहा।
कार्रवाई से आक्रोशित दुकानदारों ने आरोप लगाया पुलिस और प्रशासन उनकी रोजी-रोटी छीन रहा है। दुकानदारों का कहना है कि वर्षों से वे यहां दुकान लगाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं।
चौकी प्रभारी कपिल कुमार ने बताया राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से दुकानदारों को रविवार सुबह 10 बजे तक का अल्टीमेटम दिया गया है। तय समय तक यदि दुकानों से सामान हटाकर अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो बुलडोजर से शेष दुकानों को भी ढहा दिया जाएगा।
दुकानदारों पर पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
झरना नाला स्थित हाईवे किनारे दुकान चला रहे स्थानीय दुकानदारों ने बताया 3 साल पहले भी प्रशासन ने दुकानें हटवाने की कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन बाद में हम लोगों ने दुकानों को फिर से स्थापित कर लिया। इस बार प्रशासनिक अधिकारी एफआईआर कराने की चेतावनी देकर गए हैं।