मैनपुरी में खनन माफिया का दुस्साहस देखने को मिला। यहां खनन माफिया अधिकारियों से जेसीबी और ट्रैक्टर ट्राली छीन ले गया। मामले में पुलिस से शिकायत की गई है।
मैनपुरी के थाना दन्नाहार क्षेत्र में बुधवार को गांव सिरौलिया में खनन की सूचना पर पहुंचे अधिकारी ने जेसीबी और ट्रैक्टर ट्राली पकड़ ली। थाने लेकर आते समय माफिया ने साथियों के साथ हमला कर दिया। होमगार्ड से हाथापाई कर दोनों गाड़ियां छुड़ाकर ले गए। खनन अधिकारी ने थाने पहुंच कर तहरीर दी है।
विज्ञापन
खनन अधिकारी शिवदयाल सिंह को बुधवार की दोपहर सूचना मिली कि दन्नाहार क्षेत्र के गांव सिरौलिया में ग्राम पंचायत कार्यालय के पास माफिया मिट्टी ट्रैक्टर ट्राली से ले जा रहे हैं। अधिकारियों के पहुंचने पर खनन कर रहे लोग भाग निकले। मौके से ट्रैक्टर और जेसीबी को पकड़ लिया।
अधिकारी पकड़े गए वाहनों को थाने ला रहे थे। तभी माफिया साथियों के साथ आया और टीम पर हमला कर दिया। होमगार्ड से हाथापाई कर वाहनों छुड़ा ले गए। पुलिस से मामले की शिकायत की गई। खनन अधिकारी ने बताया कि एक व्यक्ति को वह जानते हैं वहीं अन्य हमलावरों को वह नहीं जानते। थाना दन्नाहार में तहरीर दी गई है।