किशनी। तहसील क्षेत्र के गांव नंदुलिया में जय श्रीराम ब्रिक फील्ड के संचालक द्वारा चारागाह की तीन बीघा जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को एसडीएम ने ध्वस्त करवा दिया है। इसी के साथ कब्जा की गई सरकारी जमीन पर रखी लगभग डेढ़ लाख ईंट कुर्क करने की कार्रवाई की गई है। भट्ठा संचालक तेजगंज में मतदान के दिन हुई पथराव की घटना में भी आरोपी है।
गांव नंदुलिया में जय श्रीराम ब्रिक फील्ड के संचालक बनीसिंह निवासी तेजगंज ने चारागाह की सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा था। लेखपालों की टीम की पैमाइश में सामने आया कि गाटा संख्या 1/ 3.278 हेक्टेयर जो 40 बीघा का है। इस गाटा संख्या में भट्ठा संचालक बनीसिंह यादव ने चारागाह की तीन बीघा जमीन पर कब्जा कर रखा है।
एसडीएम प्रसून कश्यप ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम ने चारागाह की कब्जाई भूमि पर बना भट्ठे का ऑफिस, ईंट पाथने वाले मजदूरों की झोपड़ियों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त करवा दिया। एसडीएम ने चारागाह की भूमि पर रखी लगभग डेढ़ लाख ईंट को कुर्क करने की कार्रवाई भी की है। तहसीलदार गौरव कुमार, सीओ सुनील कुमार के साथ बेबर थाना, नवीगंज तथा टोडरपुर चौकी पुलिस के अलावा कानूनगो ब्रजेश कुमार, लेखपाल स्वदेश कुमार, सतेंद्र कुमार मौजूद रहे।
7 मई को मतदान वाले दिन तेजगंज के बूथ पर हुए हमले के बाद 29 नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस मुकदमे में बनी सिंह यादव को मुख्य अभियुक्त बनाया गया था। निर्माण ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के समय भट्ठा संचालक के भाई जैनेंद्र यादव व मुनीम को भी मौके पर बुला लिया गया।