आगरा के बोदला क्षेत्र में 2000 वर्ग मीटर में अवैध कॉलोनी बन गई। भूखंडों पर कॉलम खड़े कर निर्माण शुरू हो गए। बुधवार को आगरा विकास प्राधिकरण का बुलडोजर गरजा। अवैध निर्माण, कॉलम व सड़क ध्वस्त की गई है।
लोहामंडी वार्ड, मौजा बोदला में खसरा संख्या 381, 386, 387, 388 और 389 में अनिल कुमार कपूर ने करीब 2000 वर्ग मीटर में अवैध कॉलोनी विकसित की। भूतल पर भूखंडों में निमार्ण शुरू हो गए। लिंटर की छत और कॉलम खड़े किए जा रहे थे। प्रवर्तन दल ने बुधवार को बुलडोजर से अवैध निर्माण ध्वस्त किए हैं।
एडीए उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली ने बताया कि अवैध कॉलोनी और निर्माणों के विरुद्ध शिथिलता बरतने पर संबंधित सहायक व अवर अभियंता के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। अवैध कॉलोनी व निर्माण ध्वस्त करने के बाद यदि विकासकर्ता दोबारा निर्माण करता है तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।