फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एटा: सपा नेताओं की संपत्तियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, फार्म हाउस की पैमाइश

Tue, 22 Jun 2021 12:47 PM IST
Abhishek Saxena न्यूज डेस्क, अमर उजाला, एटा

सार

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव की संपत्तियों पर मंगलवार को फिर बुलडोजर गरजा। मंडी समिति के पास बने मार्केट की दो दुकानें 10 जून को ध्वस्त कराईं थीं। बाकी का मार्केट मंगलवार को गिराया जा रहा है। 
विज्ञापन
एटा: सपा नेताओं की संपत्ति पर चला बुलडोजर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एटा में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव की संपत्तियों पर मंगलवार को फिर बुलडोजर गरजा। मंडी समिति के पास बने मार्केट की दो दुकानें 10 जून को ध्वस्त कराईं थीं। बाकी का मार्केट मंगलवार को गिराया जा रहा है। यहीं पास में उनका फॉर्म हाउस भी स्थित है। इस पर भी ग्रामसभा की जमीन को कब्जा कर निर्माण करने का आरोप है। इसके बाहर की बाउंड्रीवॉल को गिरा दिया गया है और अंदर पैमाइश कराई जा रही है। 

विज्ञापन


पूरे एटा जिले का पुलिस फोर्स सहित सभी डिप्टी कलेक्टर वहां मौजूद हैं। बता दें कि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष की पत्नी रेखा यादव को सपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किया है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पर अब तक चार मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। लगातार कार्रवाइयों को लेकर सपा खेमे की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।

विज्ञापन

एटा: सपा नेता के फार्म हाउस पर प्रशासन की टीम - फोटो : अमर उजाला
चौथा मुकदमा कराया दर्ज
थाना जैथरा में सपा नेता व पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव और इनके भाई पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव सहित पांच के खिलाफ डेढ़ बिस्वा जमीन पर अवैध कब्जा करने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। दोनों नेताओं के खिलाफ यह चौथा मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

रविवार रात थाने पर तहरीर देकर संटू निवासी गांगूपुरा ने मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि गांव गांगूपुरा स्थित गाटा संख्या 188क रकबा 0.28 हेक्टेयर (सात बिस्वा) कृषि जमीन है। इस जमीन में से साढ़े पांच बिस्वा का बैनामा 21 जुलाई 2014 को रामेश्वर सिंह यादव, जुगेंद्र सिंह यादव, दिनेश कुमार उर्फ गांधी निवासी ढकपुरा, राहुल उर्फ नीलू व धर्मेंद्र निवासी कस्बा धुमरी ने कराया था। शेष डेढ़ बिस्वा जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया। आरोप है कि जमीन पर कब्जा करने का विरोध करने पहुंचे तो लाठी-डंडे और असलहा लेकर मारपीट की। जान से मारने की धमकी देकर मौके से भगा दिया।

संटू ने तहरीर में लिखा है कि सपा सरकार में दबंग भू माफिया जुगेंद्र सिंह सहित अन्य ने अवैध कब्जा किया था। तब थाने पर शिकायत की, लेकिन सरकार के दबाव में कोई सुनवाई नहीं हुई थी। बता दें कि इससे पहले दोनों नेताओं पर कोतवाली नगर में 14 जून को अवैध कब्जे के दो और 20 जून को जानलेवा हमले का एक मुकदमा लिखा जा चुका है। सीओ अलीगंज राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। दोषी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

एटा में सपा नेताओं पर मुकदमा: पूर्व विधायक रामेश्वर यादव और उनके भाई पर दर्ज हुआ जानलेवा हमले का केस
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें