मथुरा के थाना सुरीर क्षेत्र में मंगलवार को सांड़ ने एक वृद्ध किसान को जमीन पर पटक-पटककर मार डाला। वृद्ध खेत की रखवाली करने जा रहा था, तभी सांड़ ने हमला कर दिया। सांड़ के हमले से वृद्ध की मौत होने से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।
कोतवाली सुरीर के गांव मीरपुर निवासी शुक्ला वाल्मीकि (80) सोमवार की रात करीब नौ बजे घर पर खाना खाने के बाद खेत की रखवाली के लिए निकले थे। रास्ते में सामने से आ रहे सांड़ ने वृद्ध पर हमला कर दिया। वृद्ध को कई बार जमीन पर पटका।
वृद्ध की चीख सुनकर ग्रामीण दौड़े। मौके पर लोगों ने लाठियां पटककर सांड़ को बमुश्किल भगाया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल वृद्ध को अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों की माने तो वृद्ध के शरीर पर सींग के निशान साफ दिख रहे थे।
ग्रामीणों का कहना है कि खुले में घूम रहे पशु घातक होते जा रहे हैं। इससे दिन और रात में खेतों की रखवाली कर रहे किसान भयभीत हैं। वहीं, सांड़ के चलते खेतों की रखवाली को जाने से भी कतरा रहे हैं। इस तरफ शासन प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है।