फतेहाबाद फोटो।आवरा काले सांड के हमले से घायल अधिवक्ता अस्पताल में भर्ती
फतेहाबाद। कस्बे में शनिवार सुबह काली नगर में एक सांड़ ने घर के बाहर खड़े वरिष्ठ अधिवक्ता पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। माैके पर माैजूद लोगों ने किसी तरह सांड़ से बचाकर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।
काली नगर निवासी 70 वर्षीय राधेश्याम शर्मा तहसील फतेहाबाद में वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह रोजाना की तरह अपने घर का मुख्य गेट खोल रहे थे। तभी सामने से आ रहे एक सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। सांड़ ने अधिवक्ता को सींगों से उठाकर कई बार जमीन पर पटका। दोबारा हमला करने का प्रयास किया। अधिवक्ता की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर दौड़ पड़े और काफी मशक्कत के बाद उन्हें सांड़ से बचाया। हमले में अधिवक्ता के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। परिजन ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सांड़ पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है। कस्बे के बस स्टैंड, बाजार सहित कई स्थानों पर इसका उत्पात बना हुआ है। फिर भी प्रशासन ने अब तक उसे पकड़कर गोशाला नहीं भेजा है। लोगों ने सांड़ को पकड़वाने की मांग की है।