आगरा के शमसाबाद रोड स्थित बुलंद रेजीडेंस कॉलोनी में गार्ड के मना करने के बावजूद डंपर अंदर ले जाया गया और बीएसएफ निरीक्षक के नए मकान को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने डंपर मालिक, चालक, ठेकेदार और एक अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आगरा के थाना एकता क्षेत्र के अंतर्गत शमसाबाद रोड स्थित बुलंद रेजीडेंस कॉलोनी में डंपर चालक और ठएकेदार की दंबगई के चलते बीएसएफ निरीक्षक का नया मकान क्षतिग्रस्त हो गया। कॉलोनी के गार्ड और सुपरवाइजर के मना करने के बावजूद आरोपी डंपर को कॉलोनी के अंदर ले गए। इस मामले में डंपर मालिक, चालक, ठेकेदार और एक अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विज्ञापन
बुलंद रेजीडेंस निवासी राजकुमार त्यागी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में निरीक्षक के पद पर तैनात हैं और वर्तमान में दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास व कार्यालय की सुरक्षा में सेवारत हैं। उन्होंने लोन लेकर अप्रैल 2026 में ही अपना नया मकान बनवाया था, जिसमें गृह प्रवेश के बाद वह किरायेदार की तलाश कर रहे थे। तीन अगस्त को कॉलोनी के सुपरवाइजर अरविंद ने फोन कर उन्हें सूचना दी कि राजस्थान नंबर के एक डंपर ने उनके नए मकान को तोड़ दिया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, कॉलोनी के गार्ड और सुपरवाइजर ने पहले ही चेतावनी दी थी कि इतने बड़े डंपर को अंदर ले जाने से जनहानि हो सकती है, मकानों को नुकसान पहुंच सकता है। इसके बावजूद आरोपी नहीं माने। अरविंद ने प्राथमिकी में डंपर मालिक रवि गुर्जर, चालक अन्नू, धर्मेंद्र प्रताप और ठेकेदार जवाहर को जिम्मेदार बताया है। बीएसएफ निरीक्षक ने बताया कि उन्होंने लोन लेकर अपने सपनों का घर बनाया था। घर को नुकसान पहुंचने से परिवार को गहरा आघात लगा है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि शिकायत पर जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।