कासगंज। बेसिक शिक्षा विभाग के अधीन कार्यरत तमाम शिक्षक लापरवाह पाए गए हैं। गंजडुंडवारा के खंड शिक्षाधिकारी द्वारा किए गए निरीक्षण में स्कूलों में तमाम खामियां मिली हैं। चार शिक्षकों का वेतन और दो शिक्षकों का मानदेय रोकते हुए खंड शिक्षाधिकारी ने 10 जिम्मेदारों से स्पष्टीकरण मांगा है।
खंड शिक्षाधिकारी पीके सिंह ने प्राथमिक विद्यालय मस्तीपुर में सुबह निरीक्षण के दौरान पाया कि इंचार्ज प्रधानाध्यापिका दीनू, सहायक अध्यापिका अंजली परवीन, शिक्षामित्र नीरज यादव, शिक्षामित्र कुंती देवी अनुपस्थित थे। प्राथमिक विद्यालय नगला बरैठी में दोपहर 12:30 बजे विद्यालय स्टाफ स्कूल बंद कर निकल रहा था, जबकि विद्यालय समय एक बजे तक का है। यहां प्रधानाध्यापक अनुपस्थित थे। सहायक अध्यापक ज्योति गौतम, शिक्षामित्र रजिया सुल्ताना घर जा रहे थे। खंड शिक्षाधिकारी ने इन सभी लापरवाह शिक्षकों और शिक्षामित्रों का वेतन और मानदेय रोक दिया है। प्राथमिक विद्यालय नगला मंशा में इंचार्ज प्रधानाध्यापक कोमल सिंह स्कूल के बाहर फोन पर वार्ता करते पाए गए। सहायक अध्यापिका नेहा चोला, पूनम नागर बातों में मशगूल थीं। प्राथमिक विद्यालय अकबरपुर पलिया में सहायक अध्यापिका रजनी यादव, शिक्षामित्र सिखा यादव, इंचार्ज प्रधानाध्यापक सुदर्शन सिंह अनुपस्थित थे। इन सभी लापरवाहों से खंड शिक्षाधिकारी ने स्पष्टीकरण मांगा है। कुल 10 शिक्षक और शिक्षामित्रों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
- प्राथमिक विद्यालय नगला बरा में व्यवस्थाएं बेहतर पाई गईं। वहां सहायक अध्यापिका हिना खातून और शिक्षामित्र बालिस्टर को प्रशस्ति पत्र दिया गया है। लापरवहों के खिलाफ कार्रवाई की गई है- प्रमोद कुमार सिंह, खंड शिक्षाधिकारी।