आगरा के खंदौली क्षेत्र के प्राथमिक और निजी विद्यालयों में सोमवार को बीएसए जितेंद्र कुमार गोंड ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई खामियां सामने आईं। जिन पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्राथमिक विद्यालय बांस रिसाल में केवल शिक्षामित्र यशोदा मिलीं। जबकि प्रधानाध्यापिका कृष्णा देवी, रजनी सिकरवार व ललितेश बिना सूचना के अनुपस्थित थीं। तीनों का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोका गया। वहीं, प्रा.वि. बांस गड़रिया में संजय कुमार सिंह गैरहाजिर मिले, उन्हें बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर वेतन अवरुद्ध किया गया। प्रधानाध्यापक प्रवेशकांत शर्मा को स्पष्टीकरण के लिए नोटिस दिया गया। गढ़ी राठौर स्कूल में स्टाफ तो मौजूद मिला, लेकिन मिड-डे मील के बर्तन मौके पर नहीं दिखे और परिसर गंदा मिला। स्टाफ को नोटिस दिया गया।
मान्यता एक स्कूल की, भवन में चल रहे थे दो स्कूल
रामबाग के काइस्ट कान्वेंट स्कूल में मान्यता के बिना 1 से 8 तक की कक्षाएं चलाई जा रही थीं। दूसरे स्कूल की मान्यता का इस्तेमाल किया जा रहा था। स्कूल तुरंत बंद करवाया गया। प्रबंधक को नोटिस दिया गया। हैरीटेज पब्लिक स्कूल दो भवनों में संचालित मिला, जबकि मान्यता एक की ही थी। स्कूल को नियमानुसार संचालन के निर्देश दिए गए हैं। संवाद
बच्चों से पूछे सवाल, नहीं मिले जवाब
गढ़ी राठौर में निरीक्षण के दौरान बीएस ने बच्चों से सिलेबस के आधार पर सवाल भी पूछे। पर उन सभी का जवाब बच्चों ने गलत दिया। ऐसे में शिक्षा स्तर पर भी सवाल खड़ा होता दिख रहा है।