आगरा। रुनकता के गऊघाट सूरकुटी स्थित महाकवि सूरदास दृष्टिबाधित विद्यालय का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) जितेंद्र कुमार गोंड ने निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं व जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने नई कमेटी के गठन और कायाकल्प का भरोसा दिया।
बृहस्पतिवार को निरीक्षण के दाैरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय को आठवीं कक्षा तक मान्यता प्रदान करने का आश्वासन दिया। साथ ही विद्यालय परिसर की रंगाई-पुताई कर कायाकल्प कराने, साफ-सफाई दुरुस्त करने और हर माह निरीक्षण कर समीक्षा किए जाने की बात कही। विद्यालय के सुचारु संचालन के लिए नई प्रबंधन समिति के शीघ्र गठन का भी भरोसा दिलाया गया।
संसाधनों की कमी से सूरकुटी स्थित महाकवि सूरदास दृष्टिबाधित विद्यालय के बंद होने का मुद्दा अमर उजाला समाचार पत्र में प्रमुखता से उठाया गया था, इसके बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया है। इस दौरान कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमित सिंह, पूर्व पार्षद अनुज शर्मा, पूर्व पार्षद मनीष धाकड़, एके सिंह नोहबार, बीके सिंह, संदीप मुखरिया, सपना गुप्ता, कपिल बाजपेयी, प्रधानाचार्य महेश कुमार, गयाप्रसाद, लालाराम शर्मा आदि मौजूद रहे।