राधाकुंड (मथुरा)। सोमवार को कुंजेरा गांव निवासी वृद्ध हुकुम सिंह की हत्या बड़ी बेरहमी के साथ की गई थी। शरीर के हर हिस्से पर जख्म हैं। आंख तक निकाल ली गईं। इस वारदात के बाद लोगों में आक्रोश है। मंगलवार को पुलिस फोर्स के बीच शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। वहीं हुकुम सिंह के भाई ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस चौकी में तोड़फोड़ के मामले में भी 45 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस की तरफ से रिपोर्ट लिखाई गई है। इनमें 25 पुरुष और 20 महिलाएं हैं।
सोमवार को राधाकुंड पाडल रोड पर जंगल में कुंजेरा गांव के हुकुम सिंह (65) का शव मिला था। शव पर धारदार हथियार के निशान थेे। शरीर के हर हिस्से पर बदमाशों ने हमला किया। हाथ-पैर, पेट और सिर सब पर जख्म हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही 20 से ज्यादा जगह चोट के निशान हैं। आंखें तक निकाल ली गईं हैं। लेकिन इस सनसनीखेज वारदात के बाद भी मथुरा पुलिस के अफसरों की नींद नहीं टूट पाई है।
बदमाशों को गिरफ्तार करने की बजाए पुलिस चौकी पर हमला करने वालों की तलाश कर रहे हैं। एसएसपी शलभ माथुर ने बताया कि वृद्ध की हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस चौकी में तोड़फोड़ करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे।