आगरा। थाना लोहामंडी क्षेत्र में बहन के प्रेम विवाह करने पर गुस्साए भाइयों ने बहन के पति पर हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। बहन की शिकायत पर लोहामंडी पुलिस ने पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है।
गोकुलपुरा निवासी मोनिका ने पुलिस को बताया कि उन्होंने शिवम से परिजन की मर्जी के बिना शादी की थी। एक फरवरी को शिवम पर भाई विनय, विशाल, बहन निशा, जीजा प्रवीन व उनके परिचित ने हमला कर दिया। पहले पत्थर मारे और फिर सिर में नुकीली चीज से हमला किया। पति बेहोश हो गए। वह अपनी ननद शिवानी के साथ वहां पहुंची और पति को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी का कहना है कि एक आरोपी प्रवीन को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।
-
ऑटो में चेन तोड़ने वाले गैंग की दो महिला गिरफ्तार
आगरा। थाना जगदीशपुरा पुलिस ने ऑटो में बैठी महिलाओं के गले से चेन तोड़ने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उनके पास से सोने की पांच चेन और 130 रुपये बरामद किए हैं। आरोपियों ने 15 जनवरी को बोदला चौराहे से बिजलीघर जाते समय महिला व उसकी बहन के साथ ऑटो में बैठी 10 वर्षीय लड़की के उल्टी आने का नाटक कर एक तोला सोने की चेन तोड़ ली थी। थाना प्रभारी का कहना है कि रेखा और कमलेश को गिरफ्तार किया गया है। दोनों चिकसाना, भरतपुर की हैं। संवाद