- सोथरा की रहने वाली पीड़िता ने एसपी से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना बरनाहल क्षेत्र के गांव सोथरा निवासी एक महिला ने अपने भाई पर ही छोटी बहन की हत्या कर शव जलाने का आरोप लगाया है। बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंच कर प्रार्थना पत्र दिया और मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। साथ ही अपनी जान को भी भाई से खतरा बताया।
बरनाहल क्षेत्र के गांव सोथरा निवासी महिला ने एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि वह 4 बहन व 3 भाई हैं। 24 नवंबर को भाभी से छोटी बहन का विवाद हो गया था। इससे गुस्साए भाई ने 16 वर्षीय बहन का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। किसी तरह से पिता व अन्य परिजन ने छोटी बहन को बचाया। अगले दिन 25 नवंबर को पिता खेत पर गए हुए थे। तभी भाई और भाभी ने छोटी बहन की हत्या कर दी। आरोपियों ने शव को भी जला दिया है। जब गांव के लोग पहुंचे तो चिता भी गायब कर दी। भाई-भाभी अब उसे व पिता को मार डालने पर उतारू हैं। अगर, कार्रवाई नहीं गई तो उसकी भी हत्या कर देंगे। आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।