मैनपुरी। पंजाबी कॉलोनी स्थित श्री एकरसानंद आश्रम में ब्रह्मनिष्ठ स्वामी शारदानंद सरस्वती महाराज की तृतीय पुण्यतिथि पर दैवी संपद मंडल के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद सरस्वती महाराज के सानिध्य में ब्रह्मनिर्वाण महोत्सव का आयोजन 27 अक्तूबर से 3 नवंबर तक किया जाएगा। आश्रम के व्यवस्थापक और पूर्व प्रधानाचार्य डॉ़ ग्याप्रसाद दुबे ने बताया कि ब्रह्मनिर्वाण महोत्सव में 27 अक्तूबर से 2 नवंबर तक दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आचार्य अतुल कृष्ण द्विवेदी द्वारा श्री शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में 30 अक्तूबर को सुबह 9 बजे रक्तदान शिविर, 10 बजे प्रतिभा सम्मान समारोह, 31 अक्तूबर को सुबह 9 बजे आयुर्वेद शिविर का आयोजन होगा। वैद्य डॉ़ संजीव मिश्रा ने बताया कि सुबह 10 बजे से श्रीमद्भागवत गीता प्रतियोगिता, 1 नवंबर को सुबह 9 बजे दंत रोग शिविर, सुबह 10 बजे से श्रीरामचरितमानस अंत्याक्षरी एवं श्रीरामचरितमानस से संबंधित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, 2 नवंबर को सुबह 9 बजे से चिकित्सा शिविर, सुबह 10 बजे से श्लोक अंत्याक्षरी प्रतियोगिता एवं संस्कृत गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
समाधि पूजन और श्रद्धांजलि सभा 3 को
वैद्य डॉ़ संजीव मिश्रा ने बताया कि महोत्सव में 3 नवंबर को सुबह 8 बजे से सद्गुरुदेव महाराजश्री का षोडशोपचार समाधि पूजन और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। शिविर में आर्थिक रुप से कमजोर मरीजों के मोतिया बिंद के ऑपरेशन निशुल्क किए जाएंगे। इसके लिए पंजीकरण 27 अक्तूबर से 30 नवंबर तक किए जाएंगे।