भोगांव। कोचिंग से घर जा रही दो छात्राओं पर बाइक सवार शोहदों ने फब्तियां कसी। छात्राओं के शोर मचाने पर लोगों ने एक शोहदों को पकड़ने के बाद पिटाई कर दी। उसका दूसरा साथी भाग निकला। पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की भतीजी बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे सहेली के साथ कोचिंग पढ़ कर लौट रही थी। जब छात्राएं गांव के पास पहुंची, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने अश्लील फब्तियां कसना शुरू कर दिया। शोहदों की इस हरकत से दहशत में आई छात्राओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस बीच आसपास मौजूद एक आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम प्रशांत निवासी मोहल्ला जौहरी बताया। उसने भागे हुए साथी का नाम नीटू कठेरिया निवासी मोहल्ला जगत नगर बताया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को थाने ले गई। छात्राओं ने बताया कि बाइक सवार दोनों युवक काफी दिनों से उनका पीछा कर रहे थे। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की है।