ऐसी दिवानगी देखी नहीं कहीं...इस किस्से को पढ़ने के बाद आपके मुंह से शायद यही निकले। फिरोजाबाद के रहने वाले एक आशिक ने मुहब्बत की राह में अपनी जान तो कुर्बान कर दी, लेकिन साथ में खुदकुशी कर रही महबूबा को मौत के मुंह में जाने से बचा गया।
दोनों ने ट्रक के सामने एक साथ ही छलांग लगाई थी। मगर ऐन वक्त पर युवक ने युवती को धक्का देकर दूर कर दिया और खुद ट्रक की चपेट में आकर दुनिया को छोड़ गया। सोमवार देर रात को हुई इस घटना ने सबका दिल दहला दिया।
यह आशिक था फिरोजाबाद की लेबर कॉलोनी का शोएब ( 24)। उसे कॉलोनी की 22 वर्षीय युवती से प्रेम हो गया। दोनों ने शादी का फैसला कर लिया था। साथ जीने-साथ मरने की कसमें खाईं। दोनों के बीच मजहब की दीवार आ गई। परिजनों ने चेतावनी दी कि शादी की बात भी की तो अंजाम अच्छा नहीं होगा।