कासगंज जिले में तालिबानी सजा की तरह का एक मामला सामने आया है। गंजडुंडवारा की रहने वाली प्रेमिका के परिजनों ने फोन पर दिल्ली से प्रेमी को बुला लिया। उसके बाद बंधक बनाकर मुंह में कपड़ा ठूंसकर जमकर पिटाई की। युवक को गंभीर चोटें आईं हैं। परिजनों ने युवक के सिर के बाल काट दिए। आरोप है कि गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की गई। युवक को मरणासन्न अवस्था में गांव म्याऊं के समीप फेंका गया। पुलिस ने युवक की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए तीन आरेापियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना शनिवार की है। गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव म्याऊं निवासी युवक के प्रेम संबंध गंजडुंडवारा की एक युवती से हैं। युवक दिल्ली में रहकर जींस का कारोबार करता है। जबकि प्रेमिका गंजडुंडवारा में ही रहती है। आरोप है कि शुक्रवार की रात को प्रेमिका के परिजन ने प्रेमी को फोनकर दिल्ली से आने को कहा। प्रेमिका के माध्यम से प्रेम संबंधों का हवाला देकर युवक को बुलाया।
शनिवार को प्रेमी गंजडुंडवारा के मोहल्ला सद्दामनगर में पहुंचा। आरोप है कि यहां पहुंचते ही आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे बंधक बना लिया। बेरहमी से युवक की पिटाई की। इतना ही नहीं युवक को गांव म्याऊं ले जाकर उसके सिर के बाल काट दिए और उसे गांव के समीप फेंक दिया। किसी ने मानवीयता दिखाते हुए उसे थाने तक पहुंचा दिया।
यहां पुलिस ने युवक को मरणासन्न अवस्था में देखा तो अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार को पीड़ित की हालत में आंशिक सुधार होने पर पूरे घटनाक्रम से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने पीड़ित युवक की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक, रोहन प्रमोद बोत्रे ने जानकारी दी कि एक व्यक्ति को नामजद आरोपियों ने दिल्ली से बुलाया और फिर बंधक बनाने के बाद उसे बेरहमी से पीटा। जिससे वह मरणासन्न अवस्था में पहुंच गया। हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं। जबकि फरार की तलाश की जा रही है।
मैनपुरी का नाम बदलने की कवायद: जिला पंचायत की बैठक में रखा प्रस्ताव, सदस्यों ने मांगा समय