आगरा। कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक से चूके आगरा के बॉक्सर आदित्य प्रताप सिंह ने जापान में होने वाले एशियन गेम्स में पदक जीतने का लक्ष्य रखा है। वह 65 किलो भार वर्ग से 70 किलो में अपनी दावेदारी पेश करने की तैयारी कर रहे हैं।
एशियन गेम्स के मुक्केबाजी कार्यक्रम में 65 किलो वर्ग शामिल नहीं है, इसलिए आदित्य ने 70 किलो में उतरने का फैसला किया है। नए भार वर्ग में वजन बढ़ाने के साथ गति, पैरों की चाल, मुक्केबाजी और सहनशक्ति बनाए रखना भी चुनौती होगी। प्रशिक्षक गौरव उनकी प्रशिक्षण में ताकत और गति का संतुलन बना रहे हैं। फोन पर हुई बातचीत में आदित्य का कहना है कि कॉमनवेल्थ से बहुत कुछ सीखने को मिला। अब उनका लक्ष्य एशियन गेम्स में देश के लिए पदक जीतना है। वह पटियाला में होने वाले ट्रायल के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।