आगरा में स्वास्थ्य कर्मी, फ्रंट लाइन वर्कर और 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को तीसरी खुराक (बूस्टर डोज) 10 जनवरी से लगाई जाएगी। दूसरी खुराक से नौ महीने का अंतराल जरूरी होगा। जैसे ही नौ महीने का समय पूरा होगा उनके मोबाइल पर मैसेज आएगा। बिना पंजीकरण उनका टीकाकरण होगा।
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने 15 से 18 साल और 60 साल से अधिक उम्र के अलावा स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर और निर्वाचन कर्मियों के लिए टीकाकरण की गाइडलाइन जारी की। उन्होंने बताया कि 15 से 18 साल के किशोरों का टीकाकरण तीन जनवरी से होगा। जिसके लिए एक जनवरी से कोविन पोर्टल पर पंजीकरण शुरू हो जाएगा। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड व मोबाइल नंबर पोर्टल पर फीड कराना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि 60 साल के ऐसे लोग जो मधुमेह, उच्च रक्तचाप व अन्य बीमारियों से ग्रसित हैं टीकाकरण से पहले चिकित्सक से सलाह ले लें। वरिष्ठजनों के अलावा स्वास्थ्यकर्मी व फ्रंटलाइन वर्कर को टीकाकरण के लिए पंजीकरण नहीं कराना होगा। उनके मोबाइल पर आए मैसेज के अनुसार उन्हें बूथ पर पहुंचना पड़ेगा। जहां उन्हें तीसरी डोज लगाई जाएगी।