ग्रेटर आगरा परियोजना की गंगापुरम और नर्मदापुरम टाउनशिप में आवासीय भूखंडों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। इच्छुक आवेदक 29 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि अटलपुरम टाउनशिप की लॉटरी 6 जुलाई को आयोजित होगी।
आगरा के इनर रिंग रोड स्थित रायपुर एवं रहनकलां में विकसित हो रही ग्रेटर आगरा परियोजना की गंगापुरम और नर्मदापुरम टाउनशिप में आवासीय भूखंडों के पंजीकरण सोमवार से शुरू हो गए। मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने आयुक्त कार्यालय स्थित लघु सभागार में बुकिंग का शुभारंभ किया।
विज्ञापन
एडीए उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली ने बताया कि ग्रेटर आगरा परियोजना की 10 टाउनशिप में लगभग 30 हजार परिवारों को उच्च कोटि की आवासीय सुविधाएं मिलेंगी। यहां भूमिगत विद्युत व आईसीटी लाइन के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और वॉटर बॉडी का निर्माण भी कराया जाएगा। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत इस परियोजना का शिलान्यास 7 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था।
फिलहाल दो टाउनशिप में भूखंड के इच्छुक लोग 29 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन एडीए की वेबसाइट www.adaagra.org.in और यूपी जनहित पोर्टल https://janhit.upda.in के माध्यम से किए जा सकते हैं। आवेदकों की सुविधा के लिए एक वीडियो भी जारी किया गया है। इसके अलावा भूखंडों के पंजीकरण में किसी भी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या आने पर आवेदक किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक हेल्पलाइन नंबर 0562-2510070 या 9084407890 पर संपर्क कर सकते हैं।
भूखंडों का श्रेणीवार विवरण
गंगापुरम (टी-03): इसमें कुल 908 भूखंड हैं। एलआईजी (100 वर्ग मी. तक) के 210, एमआईजी-1 के 306, एमआईजी-2 के 56, एचआईजी-1 के 169 और एचआईजी-2 (250 वर्ग मी. से अधिक) के 167 भूखंड शामिल हैं।
नर्मदापुरम (टी-07) : इसमें कुल 718 भूखंड उपलब्ध हैं। एलआईजी के 220, एमआईजी-1 के 144, एमआईजी-2 के 296, एचआईजी-1 के 09 और एचआईजी-2 के 49 भूखंड शामिल हैं।
अटलपुरम की लॉटरी 6 जुलाई को खुलेंगी
मंडलायुक्त ने गंगापुरम और नर्मदापुरम के भूखंडों की बिक्री शुभारंभ के अवसर पर अटलपुरम टाउनशिप के विभिन्न फेज और सेक्टरों के भूखंडों की 6 जुलाई को सूरसदन प्रेक्षागृह में होने वाली लॉटरी को पूरी निष्पक्षता से संपन्न कराने के भी निर्देश दिए।