लूट का आरोपी का खून से सना शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। माैके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शव के पास तमंचा और कारतूस भी पड़े मिले हैं।
आगरा के एत्मादपुर के गांव शीशियां में खेत पर लूट के आरोपी का शव मिला। युवक की माैत सीने में गोली लगने से हुई थी। शव के पास ही तमंचा और कारतूस पड़े थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के गांव शीशियां में बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे थाना बरहन के गांव खांडा के 24 वर्षीय दीपू यादव का अपने खेत पर शव पड़ा मिला। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। युवक को सीने में गोली लगी थी। घटनास्थल पर तमंचा, एक खोखा व कई जिंदा कारतूस पड़े मिले। इंस्पेक्टर आलोक सिंह ने बताया कि दीपू के गांव शीशियां में खेत हैं। पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि दीपू सुबह ही खेत पर आया था तथा पट्टेदार के मोबाइल से पिता से बात कर अपने कपड़े मंगाए थे, जिसके बाद पट्टेदार अपने घर चला गया। एक घंटे बाद पट्टेदार लौटकर खेत पर आया तो देखा दीपू जमीन पर पड़ा मिला। उसके सीने से खून निकल रहा था। उसके शव के पास एक तमंचा, एक खोखा व कई जिंदा कारतूस पड़े थे।
एसीपी देवेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का लग रहा है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक दीपू एक शातिर अपराधी था, जिस पर फिरोजाबाद, आगरा व अलीगढ़ में 9 मामले दर्ज हैं। विगत चार दिन पूर्व दीपू ने अपने साथियों के साथ अलीगढ़ के थाना रोराबर के रुक्मणि विहार कॉलोनी में दिनदहाड़े नवीन के घर में घुसकर उसकी पत्नी के साथ मारपीट कर तमंचे के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया था। मामले में पीड़ित नवीन की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस दीपू व उसके साथियों की तलाश में जुटी हुई थी। मामले की जांच की जा रही है।