लापता छात्रा का उटंगन नदी में उतराता मिला शव, परिजन गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे थे थाने
खेरागढ़। थाना क्षेत्र के डूंगरवाला गांव के पास उटंगन नदी में रविवार को लापता छात्रा का शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान राजनंदिनी (19) पुत्री रामनिवास निवासी ऊंटगिर के रूप में हुई है। वह स्नातक की छात्रा थी। 17 जुलाई से घर से लापता थी। परिजन संभावित स्थानों पर तलाश में जुटे थे।
रविवार सुबह करीब 10 बजे परिजन उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने थाना खेरागढ़ पहुंचे। इसी बीच दोपहर करीब 12 बजे डूंगरवाला के पास उटंगन नदी में एक युवती का शव उतराता होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकाला। परिजन ने शव की पहचान राजनंदिनी के रूप में की। डीसीपी पश्चिमी आदित्य कुमार सिंह ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।