बोदला पुलिस चौकी के सामने स्थित महादेव मंदिर में मूर्तियां क्षतिग्रस्त कर दी गईं। रविवार देर रात इसका पता चलने पर वहां तनाव व्याप्त हो गया। भारी भीड़ मंदिर के बाहर जुट गई और हंगामा करने लगी। जानकारी पाकर तीन थानों की पुलिस फोर्स के साथ अधिकारी वहां पहुंचे। उन्होंने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया।
बोदला चौकी के सामने दयालेश्वर नाथ महादेव का मंदिर है। मंदिर परिसर की जमीन पर ही कई दुकानें बनी हैं। रविवार होने की वजह से रात में चहल-पहल कम थी। मार्केट बंद हो चुका था। देर रात कुछ लोग मंदिर में दर्शन को गए तो देवी-देवताओं की मूर्तियां खंडित देख सन्न रह गए। यह किसी असामाजिक तत्व की करतूत मानी जा रही है। बात फैली तो वहां तनाव व्याप्त हो गया। आसपास मोहल्लों से भी सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंच गए और आक्रोश जताने लगे। पूर्व पार्षद कन्हैया लाल समेत ये सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इसकी सूचना पर जगदीशपुरा, लोहामंडी और शाहगंज थाने की फोर्स पहुंची। लेकिन हंगामा तेज होने लगा तो सीओ लोहामंडी एएसपी शैलेष कुमार पांडेय, सीओ हरीपर्वत अशोक कुमार सिंह और अपर नगर मजिस्ट्रेट भी वहां आ गए। उन्होंने बमुश्किल आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत किया। इसके बाद मंदिर में रहने वाले दो पुजारी और उनके परिवार के लोगों से देर रात तक पूछताछ की जा रही थी।