मैनपुरी। जिले के कॉलेज संचालक और प्रधानाचार्य शासनादेश का पालन नहीं कर रहे हैं। संयुक्त निदेशक आगरा मंडल आगरा के निर्देश के बाद भी जिले के 195 कॉलेजों के प्रधानाचार्यों ने बोर्ड परीक्षा रिपोर्ट प्रारूप जमा नहीं किए।
शासन के निर्देश पर मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक ने जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र जारी कर पांच जुलाई तक जिले के सभी कॉलेजों से दो प्रारूपों पर बोर्ड परीक्षा रिपोर्ट मांगी थी।
जिले के 498 कॉलेजों में से 30 जुलाई तक 303 ने ही रिपोर्ट प्रारूप जमा किए। जिस पर मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक ने नाराजगी प्रकट की। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) मनोज कुमार वर्मा ने जिले के कॉलेज संचालकों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी है कि तीन दिन के अदंर दोनों प्रारूप पर बोर्ड परीक्षा रिपोर्ट उनके कार्यालय को उपलब्ध करा दी जाए।
शासन से जारी होनी है ग्रेड
बोर्ड परीक्षा रिपोर्ट के माध्यम से शासन स्तर से कॉलेजों को ग्रेड प्रदान किया जाएगा। इस ग्रेड के माध्यम से ही कॉलेजों के शिक्षा के स्तर का मूल्यांकन किया जाएगा। शासन राजकीय और सहायता प्राप्त कॉलेजों के शिक्षकों की विषय के अनुसार जिम्मेदारी भी तय करने जा रहा है।
नोटिस जारी किया
मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक के निर्देश पर बोर्ड परीक्षा रिपोर्ट प्रारूप जमा न करने वालों को नोटिस जारी किया जा रहा है। तीन दिन में जो लोग प्रारूप जमा नहीं करेंगे। उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद और मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक को लिखा जाएगा। - मनोज कुमार वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक