मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में धांधली के आरोप लगने के बाद शासन ने फिर से परीक्षा केंद्रों की क्रास चेकिंग कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए 10 जनवरी से दो चरणों में जांच का कार्य शुरू होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने किसी प्रकार की लापरवाही से बचने के लिए केंद्र संचालकों को निर्देश जारी किए हैं।
परीक्षा केंद्रों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि विभागीय अधिकारियों ने कॉलेज संचालकों से मिलीभगत करके अधूरे मानक वाले कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बना दिया है। कई केंद्रों पर अभी भी मानक पूरे नहीं किए गए हैं। इसकी शिकायत मिलने के बाद शासन ने मंडल व प्रदेश स्तर से जांच कराने के निर्देश दिए।
विभाग द्वारा जिला विद्यालय निरीक्षक को जानकारी भेजी गई है कि परीक्षा केंद्रों की दो चरणों में जांच कराई जानी है। प्रथम चरण में 10 जनवरी से मंडल स्तरीय जांच होगी। वहीं द्वितीय चरण में 15 जनरवरी से प्रदेश स्तर से गठित टीम परीक्षा केंद्रों की जांच करेगी। जांच में यदि अधूरे मानक पाए जाते हैं तो विभागीय अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
इन बिंदुओं पर होगी परीक्षा केद्रों की जांच
- सीसीटीवी कैमरा दोनों तरफ
- कॉलेजों तक संपर्क मार्ग
- वॉइस रिकार्डर
- राउटर
- हाईस्पीड ब्रॉडबैंड कनेक्शन
- बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जेनरेटर
ऋण लेकर परीक्षा के मानक पूरे कराएं
जो कॉलेज परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं वे हर हाल में 10 जनवरी तक परीक्षा केंद्र के मानक पूरे कर लें। सहायता प्राप्त और राजकीय कॉलेज विद्यालय के किसी भी मद से ऋण लेकर परीक्षा के मानक पूरे कराएं।
सर्वेश कुमार जिला विद्यालय निरीक्षक