अग्निवीर भर्ती में अभ्यर्थियों को सफल कराने का झांसा दिया जा रहा है। इसके नाम पर मोटी रकम वसूली जा रही है। एसटीएफ ने आगरा में दो आरोपियों को दबोच लिया है। अब मेरठ और बुलंदशहर में सरगनाओं की तलाश की जा रही है।
आगरा में अग्निवीर भर्ती में सफल कराने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से ठगी हो रही थी। गिरोह के सरगना मेरठ के कपिल गूजर और बुलंदशहर के नीरज व आदेश की तलाश में एसटीएफ उनके जिलों में दबिश दे रही है। उधर, अभ्यर्थियों ने भी पुलिस से संपर्क किया है। उनसे तहरीर लेकर मुकदमे में शामिल किया जाएगा।
विज्ञापन
मिलिट्री इंटेलिजेंस की सूचना पर बृहस्पतिवार को एसटीएफ ने गिरोह के दो सदस्यों ताजगंज निवासी ओमकार सिंह और सादाबाद, हाथरस निवासी दुष्यंत उर्फ विष्णु को गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ के बाद कई जानकारी मिली थी। पता चला था कि आगरा में अग्निवीर भर्ती में गिरोह ने कई अभ्यर्थियों को झांसे में लिया था।
मेडिकल में पास कराने और मेरिट में नाम बढ़वाने का झांसा देकर ठगी की थी। आरोपी कॉल करके संपर्क कर रहे थे। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की गई। अब एसटीएफ को मुख्य सरगना कपिल गूजर, नीरज और आदेश की तलाश है। वह घरों से फरार हो गए हैं।