बाह। जैतपुर के वनकटी गांव में शुक्रवार की शाम रंगबाजी में रास्ता रोके जाने के विरोध में सुभाष पक्ष ने ओमशंकर पर हमला कर दिया। जान बचाकर घर में घुसने पर विपक्षियों ने लाठ-डंडे और कुल्हाड़ी से धावा बोल दिया। पथराव भी किया गया। हमले में ओमशंकर और बेटे-बेटियां समेत 4 लोग घायल हो गए।
आरोप है कि ओमशंकर के बेटे पंकज को हमलावरों ने जमीन पर पटक कर बेरहमी से पीटा। चीख पुकार पर बचाने के लिए पहुंचे ओमशंकर और उनकी बेटियों शिल्पी, बीनू को भी पीटकर घायल कर दिया। ग्रामीणों के जुटने पर हमलावर पथराव करते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची जैतपुर पुलिस ने घायलों को जैतपुर सीएचसी पर भर्ती कराया। जहां से पंकज को एसएन भेज दिया। ओमशंकर की तहरीर पर पुलिस ने सुभाष, कालीचरन आदि चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसओ जैतपुर अवनीत मान ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।