महिला का अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल
संबंध बनाने और रुपये देने का बना रहा दबाव, रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। कस्बा कुरावली के एक गांव की रहने वाली महिला का अश्लील वीडियो बनाने के बाद आरोपी ने शारीरिक संबंध बनाने और रुपये देने का प्रस्ताव रखा। 50 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद और रुपये की मांग करने लगा। आरोपी ने वीडियो भी वायरल कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कुरावली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला ने एसपी से शिकायत की। बताया कि 31 अक्तूबर को खालिद निवासी गांव ममना हमीरपुर ने उसे फोन किया। कहा की रिश्तेदारी में रहने के दौरान उसका नहाते समय एक अश्लील वीडियो बना लिया है। उसे यकीन दिलाने के लिए वीडियो का एक स्क्रीन शॉट भी भेजा। इसके बाद कहा कि उसके साथ शारीरिक संबंध बनाओ नहीं तो आईडी हैक कर वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। जब नंबर को ब्लॉक कर दिया तो खालिद ने एक दूसरे नंबर से फोन कर पांच लाख रुपये की मांग की। उसे ब्लैकमेल कर आरोपी ने 50 हजार रुपये भी ले लिए। इसके बाद भी वीडियो डिलीट नहीं किया और उसकी आईडी हैक कर स्टीकर लगाकर उसके अश्लील वीडियो अपलोड कर दिए। जब उसने खालिद से ऐसा करने से मना किया तो फिर से रुपये और संबंध बनाने का दबाव बनाया गया। उसने थाने में शिकायत की तो 24 नवंबर को आरोपी ने धमकी दी कि अगर शिकायत की तो उसे जो करना है कर देगा। 25 नवंबर को उसका वीडियो वायरल करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत पर एसपी के आदेश पर कुरावली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।