भाकियू ने लगाया गोवंश को गोशला से छोड़ने का आरोप
- वीडियो हो रहा सोशल मीडिया पर वायरल, एक महिला सहित दो लोगों को पहुंचाई गोवंश ने चोट
संवाद न्यूज एजेंसी
जसराना। तहसील जसराना की ग्राम पंचायत रीवा में मौजूद गोशाला से गोवंश को छोड़े जाने का आरोप किसानों ने लगाया है। गोवंश को रात्रि में खेतों से भगाने एवं केयर टेकर से बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने इसकी कड़ी निंदा की है। वहीं कहा कि 14 मई को एसडीएम जसराना को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
तहसील जसराना की ग्राम पंचायत रीवा में गोशाला बनी हुई है। किसानों का आरोप है कि गोशाला से रात्रि में गोवंश को छोड दिया जाता है। जो खेतों में जाकर फसलों का नुकसान पहुंचाते हैं। जिसके चलते किसानों को रात्रि में अपने खेतों की रखवाली करने को विवश होना पड रहा है। खेतों की रखवाली के दौरान मीना देवी पत्नी किशनपाल एवं वीरेंद्र सिंह पुत्र नेम सिंह पर गोवंश ने हमला कर दिया। हमले में घायल किसानों का निजी चिकित्सक से उपचार कराया गया है। वहीं पूरे मामले को भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने गंभीरता से लिया है। यूनियन के जिलाध्यक्ष डाॅ. पुष्पेंद्र यादव का कहना है कि गोशाला से गोवंश को रात्रि में छोड़ा जा रहा है जो फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। रखवाली के दौरान दो किसानों पर गोवंश हमला कर चुके हैं। बताया कि 14 मई को उपजिलाधिकारी जसराना को ज्ञापन देकर समस्या के निदान की मांग की जाएगी। समाधान नहीं होने पर 17 मई को तहसील में धरना दिया जाएगा।