सीकरी में जितेंद्र फौजदार ने बुलाई बैठक
फतेहपुर सीकरी विधानसभा सीट पर न्यूज चैनल द्वारा भाजपा से चौ. बाबूलाल को प्रत्याशी बनाने की सूचना के बाद भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके जितेंद्र फौजदार के समर्थकों ने शुक्रवार को बैठक की। उन्होंने कहा कि शनिवार को समर्थकों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।
इस बैठक में राघवेंद्र राणा, अनुज मित्तल, अंसार कुरैशी, रामनिवास फौजदार, प्रमोद चौहान, अजीत अग्रवाल, विशाल गर्ग, नितेंद्र कटारा, श्यामवीर फौजदार, रामवीर सिंह भगौर, योगेंद्र फौजदार ने आक्रोश जताया कि भाजपा कार्यकर्ता की जगह अन्य कोई प्रत्याशी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान जितेंद्र फौजदार, राहुल चौधरी, सुरेश चौधरी, मोहित सोलंकी, रामवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
सीकरी में ही सरस्वती शिशु मंदिर में आरएसएस आनुषांगिक संगठनों की बैठक में किसान संघ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री सोनपाल सिंह के सामने कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। संघ कार्यकर्ताओं ने कहा बाबूलाल को टिकट मिला तो वह साथ नहीं देंगे।
खेरागढ़ डाक बंगले पर किया गया विरोध
भाजपा के संभावित प्रत्याशी भगवान सिंह कुशवाह के नाम पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने डाक बंगले पर विरोध-प्रदर्शन किया। खेरागढ़ विधानसभा के प्रभारी प्रकाश भारद्वाज के सामने कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया और कहा कि भगवान सिंह के बसपा से दो बार विधायक रहने के दौरान कार्यकर्ता परेशान रहे हैं। वह उन्हें भाजपा प्रत्याशी के तौर पर स्वीकार नहीं करेंगे। पार्टी कार्यकर्ता को ही मौका दिया जाए। वहीं करणी सेना ने पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया।