आगरा की शाही जामा मस्जिद में राष्ट्रगान और तिरंगा फहराने का विरोध करने वालों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तालिबानी सोच बताया है। उत्तर प्रदेश भाजपा ने अपने ट्विटर हैंडिल पर एक वीडियो जारी किया है। इसके कैप्शन में लिखा गया है कि तालिबानी सोच वाले ये याद रखें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। यहां तालिबानी सोच नहीं चलेगी। वीडियो में आगरा में राष्ट्रीय ध्वज के अपमान की घटना का जिक्र है।
संबंधित खबर- आगरा में जुलूस निकालने का मामला: ओवैसी की पार्टी का पदाधिकारी गिरफ्तार, तीन मुकदमों में है नामजद
बता दें कि 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) को शाही जामा मस्जिद के अंदर झंडारोहण किया गया था। राष्ट्रगान भी गाया गया था। शहर मुफ्ती मजदुल खुबैब रूमी के बेटे हम्मदुल कुद्दुस ने मस्जिद के अंदर राष्ट्रगान का विरोध किया था। अगले दिन शहर मुफ्ती का एक ऑडियो वायरल हुआ, इसमें उन्होंने राष्ट्रगान को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था। इससे लोगों में आक्रोश पनप गया।