मैनपुरी। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन पत्र विक्रय के दूसरे दिन बुधवार को भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य ने जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय से नामांकन पत्र खरीदा। अब तक बिके कुल नामांकन पत्रों की संख्या बढ़कर दो हो गई है।
मंगलवार से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई थी। कलक्ट्रेट स्थित जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय कक्ष से ही पूरी प्रक्रिया की जा रही है। पहले दिन सपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य मनोज यादव ने नामांकन पत्र खरीदा था। वहीं बुधवार को भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य अर्चना भदौरिया ने नामांकन पत्र खरीदा।
उन्होंने भाजपा के समर्थन पर घिरोर के वार्ड नंबर 17 से जीत दर्ज की है। नामांकन पत्रों की बिक्री के लिए अभी दो दिन का समय और शेष है। 25 जून तक जिला पंचायत सदस्य नामांकन पत्र खरीद सकेंगे। वहीं 26 जून को नामांकन की प्रक्रिया होगा। बुधवार को जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय में सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रेमप्रकाश और अनूप कुमार मौजूद रहे।
---
अब तक किसी भी दल ने घोषित नहीं किए प्रत्याशी
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में सपा और भाजपा के बीच मुकाबला तय माना जा रहा है। लेकिन अभी तक दोनों ही दलों ने अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। कहीं न कहीं दोनों ही दल एक-दूसरे का इंतजार कर रहे हैं कि आखिर कौन पहले प्रत्याशी की घोषणा करे।