आगामी दिनों में राजस्थान विधान सभा चुनाव होने वाले हैं। खनन माफिया के विरोध में गहलोत सरकार के खिलाफ संतों व अन्य लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। संत विजय दास की मौत को लेकर संत ही नहीं भाजपा सरकार भी काफी गंभीर है। यही कारण रहा कि रविवार को राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह के नेतृत्व में सांसदों की टीम ने विभिन्न स्थलों का दौरा किया और गहलोत सरकार पर संत विरोध होने का आरोप लगाते हुए घेराबंदी की।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण ने आरोप लगाया कि संत विजयदास महाराज की मौत होना भी कांग्रेस सरकार की खामियों को उजागर करती है। संतों पर कांग्रेस सरकारों में हमले हो रहे हैं। अरुण के साथ महानगर के महामंत्री प्रदीप गोस्वामी, चिंताहरण चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष श्याम सिंघल और पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश गौतम रहे। उधर, अलवर के भाजपा सांसद बालक नाथ दूसरे दिन भी गहलोत सरकार पर हमलावर रहे। सांसद गोवर्धन के आन्यौर परिक्रमा मार्ग स्थित महात्यागी आश्रम पहुंच संतों से बात की। महात्यागी आश्रम के महंत दीनबंधु दास ने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। श्याम दास महाराज, दीनबंधु दास, महेश रामानुजाचार्य, मुकेश, अमित गोस्वामी आदि उपस्थित थे।
राजस्थान सरकार की निंदा की
धर्म रक्षा संघ के तत्वावधान में श्रीराम मंदिर में महामंडलेश्वर स्वामी रघुनाथ दास महाराज की अध्यक्षता में धर्म गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें मान मंदिर के बाबा विजय दास को आत्मदाह जैसे कठोर कदम उठाने के लिए विवश करने पर राजस्थान सरकार की घोर निंदा की गई। इस मौके पर महंत आदित्यानंद महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी रघुनाथ दास महाराज, स्वामी सत्यमित्रानंद महाराज, महंत मोहिनी बिहारी शरण, महंत दशरथ दास महाराज, श्रीदास प्रजापति, स्वामी दीनदयाल शरण, स्वामी धर्मदास, स्वामी नारायण दास, रविकांत गौतम, महंत सत्यदेव दास, राममोहन दास, पंकज दास, आशीष थे। संवाद
संतों की आवाज को अनसुना करना किसी के हित में नहीं : देवकीनंदन महाराज
आत्मदाह करने वाले संत विजय दास की मृत्यु पर दुख व्यक्त करते हुए देवकीनंदन महाराज ने इसे धर्म की हानि बताया। कहा कि अगर हम अपने धर्म-अध्यात्म से जुड़े श्रद्धा के स्थानों, पर्वत-नदी-तालाबों को सुरक्षित नहीं रख सके तो कैसे सनातन परंपरा को जीवित रख पायेंगे । संतों को अनसुना करना किसी के लिये भी हितकारी नहीं है। संत द्वारा आत्मदाह करना यह किसी भी राज्य के लिये शर्म की बात है। संवाद
हिंदूवादी संगठनों ने शोक व्यक्त किया
विहिप व बजरंग दल की ओर से मांट में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में संत विजय दास के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनको श्रद्धांजलि दी गई। जिलाध्यक्ष विनोद राघव ने कहा कि ब्रज की पौराणिक धरोहरों की रक्षा करना हम सबका परम कर्तव्य है। इस मौके पर देवेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष डॉ. एके सैनी, राम अवतार, जगदीश त्रिपाठी, विकास पंडित, विजय राघव, हरे कृष्णा, मुकुंद दास, योगेश गौतम, राजू राजपूत, राजन सिंह, डॉ. हरी श्याम, बीएल पांडेय, आकाश हिंदू बजरंग दल प्रखंड संयोजक, कुंदन सिंह विश्व हिंदू परिषद प्रखंड अध्यक्ष, प्रखंड मंत्री ऐदल सिंह आदि उपस्थित रहे।