मथुरा सांसद हेमा मालिनी ने एक बार फिर विकास के साथ धर्मनगरी मथुरा-वृंदावन की स्वच्छता को लेकर अधिकारियों को साफ संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मथुरा धार्मिक स्थली होने के साथ पर्यटन केंद्र भी है, यहां देश-विदेश से यात्री निरंतर आते रहते हैं। जितनी अधिक सफाई होगी, यहां की वही छवि देश और विदेश में जाएगी।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में सांसद ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में उक्त विचार व्यक्त किए। उन्होंने फ्लाईओवर, पुलों के साथ उनके सर्विस रोड को भी साफ-सुथरा एवं हरियालीयुक्त रखने को कहा। उन्होंने कोसी नाला एवं अन्य नालों के पानी को लेकर चिंता जताते हुए इसके शुद्धिकरण के पश्चात ही यमुना में छोड़े जाने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि यमुना हमारी पवित्र एवं पौराणिक नदी है, यह स्वच्छ होनी चाहिए। जवाहर बाग में किए कार्यों की प्रशंसा की।
ये रहे मौजूद
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी, विधायक बलदेव पूरन प्रकाश, एमएलसी संजय लाठर आदि ने स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया। महापौर डॉ. मुकेश आर्यबंधु, उपाध्यक्ष एमवीडीए नगेंद्र प्रताप, सीडीओ डॉ. नितिन गौड़, एसपी सुरक्षा आनंद कुमार, पीडी बलराम कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
इन योजनाओं की हुई समीक्षा
सांसद ने बीएसएनएल द्वारा फाइवर केबल बिछाने, परिक्रमा मार्ग को साफ-सुथरा रखने, हृदय योजना के अंतर्गत फाउंटेन एवं लाइट लगाने, अमृत योजना के अंतर्गत पार्क बनाने, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार योजना, प्रधानमंत्री शहरी एवं ग्रामीण आवास योजना, अंडरग्राउंड बिजली लाइन, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय सुरक्षा सहायता कार्यक्रम, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, प्रधानमंत्री आदर्श गांव, कृषि विज्ञान केंद्र, अवस्थापना संबंधी कार्यक्रम, नमामि गंगे योजना, सीवर लाइन योजना स्मार्ट सिटी योजना आदि योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
मथुरा: भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने लॉन्च किया कंपोजिट एलपीजी सिलिंडर, जानें इसकी खासियत