जिला महिला चिकित्सालय में सांसद हेमा मालिनी और डीएम नवनीत सिंह चहल
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा में भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने सोमवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। यहां पीकू वार्ड की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने की तैयारी में कमी नहीं रहनी चाहिए। सांसद ने जिला महिला चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
अस्पताल के निरीक्षण से पहले भाजपा सांसद ने संघ के विभाग कार्यालय केशव भवन कल्याणं करोति के समीप टीकाकरण शिविर का शुभारंभ किया। इस कैंप में 18 वर्ष से ऊपर के लोगों को कोरोना से बचाव के लिए टीका लगाया गया।
सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर बच्चों को प्रभावित कर सकती है। इसलिए जिला अस्पताल में सांसद निधि से एक अलग वार्ड बच्चों के लिए बनाया गया है। साथ ही उन्होंने माताओं और बहनों से वैक्सीन लगवाने का आग्रह किया। सांसद ने बताया कि मैंने खुद दोनों डोज लगवा ली हैं और मैं पूरी तरह से स्वस्थ हूं। कोरोना से लड़ने के लिए यही एक कारगर तरीका है।
टीकाकरण शिविर में टीका लगवाने कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पंडित उमेश शर्मा आधार कार्ड लेकर पहुंचे। टीका लगवाने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि टीके के विषय में जो भ्रम फैलाए जा रहे हैं, वह सरासर झूठ है। सभी देशवासियों को टीका लगवाना चाहिए। कैंप में सेवा भारती के संगठन मंत्री सुनील, संघ के सह विभाग कार्यवाह डॉ. संजय, विभाग प्रचारक गोविंद आदि मौजूद रहे।