एटा जिले के थाना व कस्बा जलेसर के मोहल्ला महावीरगंज में एक विवाहिता को मायके से लाने के बाद ससुराल में हत्या करने का आरोप लगाया गया है। विवाहिता के पति, देवर और ननदोई के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। महिला की शादी दो साल पहले ही हुई थी। उसका एक वर्ष का पुत्र है।
आगरा के थाना खंदौली निवासी नानक देव का आरोप है कि बेटी अनीषा (22) की हत्या अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर दामाद अजय कुमार, इसके भाई अजीत कुमार और ननदोई केशव कुमार ने गला दबाकर कर दी। ये तीनों रविवार की शाम को ही अनीषा को आगरा से कार द्वारा बुलाकर लाए थे। इसके बाद रात में तीनों ने मिलकर हत्या कर दी।
नानक देव ने बताया कि शादी के बाद से ही अनीषा के ससुरालवालों की ओर से नकदी की मांग की जाने लगी थी। जिस पर 30 हजार रुपये भी दिए, लेकिन एक बाइक की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। जिससे परेशान होकर बेटी मायके में रहने लगी। मायके आने पर केशव ने जिम्मेदारी ली थी कि कोई बात नहीं होगी, आप उससे ससुराल भेज दें।
थाना प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह का कहना है कि विवाहिता की गला दबाकर हत्या करने के बाद फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया गया है। दहेज की खातिर हत्या करने की तहरीर दी गई है। तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर मायके वालों को सौंप दिया है।