फतेहपुर सीकरी से नवनिर्वाचित भाजपा सांसद राजकुमार चाहर और उत्तर से विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल अवैध निर्माण करने वालों की हिमायत में आ गए। चाहर अवैध मैरिज होम चलाने वालों की ढाल बने, जबकि खंडेलवाल कमला नगर आबादी में कारोबार चलाने वाले लोगों की। नतीजा यह रहा कि आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने मैरिज होम पर सील लगाने की कार्रवाई नहीं की।
पिछले दिनों आवास विकास परिषद की टीम कमला नगर में अवैध निर्माण को सील करने पहुंची थी। लोगों की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने कार्रवाई को रुकवाते हुए, आवास विकास परिषद के अधिकारियों को कटघरे में खड़ा कर दिया था। उनका कहना था कि निर्माण के वक्त कोई अधिकारी मौके पर नहीं आता।
व्यापारी जब अपनी जमा-पूंजी लगाकर निर्माण कर लेता है तो उसे सील करने की कवायद की जाती है। उन्होंने एलान कर दिया था कि नये भवन क्या, पुराने ऐसे निर्माण, जिन्हें विभाग सील करना चाहता है, उन्हें भी सील नहीं होने देंगे। मैरिज होम संचालकों की हिमायत में राजकुमार चाहर उस समय आए जब एडीए 22 मैरिज होम को सील करने का आदेश जारी कर चुका था। शनिवार से सील लगाई जानी थी।