सरकारी तंत्र पर लगाया लापरवाही का आरोप, बोले-पत्नी को न तो खाना मिल रहा और न पानी
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के कोविड वार्ड में भर्ती पत्नी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी न मिलने पर जसराना विधायक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सरकारी तंत्र पर लापरवाही करने का आरोप लगाया। कहा कि उनकी पत्नी को न तो खाना मिल रहा है और न ही पानी। कहा मुख्यमंत्री आम जनता तक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन सरकारी तंत्र माननीयों के साथ भी गलत व्यवहार कर रहा है।
जसराना विधायक रामगोपाल पप्पू लोधी और उनकी पत्नी संध्या लोधी विगत दिनों कोरोना संक्रमित हो गए थे। इसके बाद दोनों को कोविड अस्पताल फिरोजाबाद में भर्ती कराया गया। शुक्रवार शाम संध्या लोधी की हालत बिगड़ी तो उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। हालांकि उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती होने के लिए आठ घंटे तक इंतजार करना पड़ा। आगरा डीएम के हस्तक्षेप के बाद उन्हें किसी तरह बेड तो मिल गया लेकिन ठीक से उपचार नहीं मिल पा रहा है।
इधर, कोरोना की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अस्पताल से घर पहुंचे जसराना विधायक को पत्नी के स्वास्थ्य की चिंता सताने लगी है। विधायक पत्नी से बात करने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन अस्पताल प्रबंधन उनके स्वास्थ्य के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दे रहा है। रविवार को वीडियो जारी कर विधायक ने कहा उनकी पत्नी को न तो खाना मिल रहा है और न ही पीने को पानी। वीडियो में बोले कि प्रदेश के मुख्यमंत्री आम जनमानस के लिए रात में भी कार्य कर रहे हैं लेकिन अधिकारी और चिकित्सक व्यवस्था फेल करने में लगे हैं। जसराना विधायक द्वारा जारी किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
वीडियो कॉल पर पत्नी को दिखाया था
विधायक की पत्नी को जिस समय फिरोजाबाद के हॉस्पिटल से एसएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया। उसी समय जिलाधिकारी का फोन मेरे पास आ गया था। विधायक ने भी मरीज के एसएन पहुंचने तक रास्ते में तीन बार बात की। चार वार्ड ब्वाय को लगा दिया गया था। कोविड हॉस्पिटल में बेड खाली कराकर विधायक की पत्नी को भर्ती कराया गया। शाम 7:30 बजे उन्हें भर्ती करा दिया गया। विधायक का वीडियो कॉल आने पर मरीज को दिखा भी दिया गया था। वह चाय पी रही थीं। लगातार मानीटरिंग की जा रही है।
- डॉ. संजय काला, प्राचार्य, एसएन मेडिकल कॉलेज
व्यवस्था: प्रशासन ने तय किए एंबुलेस के रेट, वसूली पर यहां करें शिकायत, डीएम ने दिए निर्देश