‘सनी तोमर ने आज बदतमीजी की। उनका यह लाइन का आदेश आ गया है। पुलिस लाइन को रवाना हो गया होगा। मेरे पास भी आ गया और थाने में भी। रही बात दूसरी चौराहों पर कोई भी सिपाही, दरोगा और एसओ लोकल आदमी की मोटरसाइकिल चेक करता है या बदतमीजी करता है, वो एक घंटे रुकेगा नहीं। यह मेरा वादा है, आप लोगों से। उसे रहने का कोई अधिकार नहीं होगा। यदि एसओ बदतमीजी करेगा तो पांच दिन बहुत होते हैं, पांच घंटे नहीं रहने दूंगा। एसओ से भी मैंने कह दिया है। किसी से बात करता है तो सभ्यता के दायरे में करो। चेकिंग करेगा, उनका दायित्व है। कायदे से करेगा।’ सोमवार को फतेहाबाद के विधायक जितेंद्र वर्मा का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें वो यह बात कहते हुए नजर आ रहे हैं।
दरअसल, फतेहाबाद क्षेत्र में गांव धरियाई निवासी मोहन सिंह को रविवार शाम को दरोगा सनी कुमार तोमर ने रोक लिया था। आरोप है कि मास्क नहीं लगाने पर अपशब्द कहे। विरोध पर पिटाई की। थाने भेज दिया। मामले की जानकारी पर डंडनिया पुरा चौराहे पर ग्रामीण जुट गए थे। युवक ने मामले की जानकारी फतेहाबाद के विधायक जितेंद्र वर्मा को दी। आक्रोशित लोगों को विधायक ने समझाया था। यह वीडियो भी इसी समय का बताया गया है। इसमें वो लोगों को संबोधित कर रहे हैं। गनर भी साथ में खड़ा हुआ है। लोग उनकी बातों को सुनने के बाद तालियां भी बजा रहे हैं। यह वीडियो एक मिनट 20 सेकंड का है।
मेरी बात को गलत ढंग से पेश किया जा रहा: जितेंद्र
मेरी बात को गलत ढंग से पेश किया जा रहा है। मैंने कहा था कि निर्दोष लोगों का पुलिस उत्पीड़न करेगी तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों को क्षेत्र में नहीं रहने दिया जाएगा। पुलिस को सभ्यता के साथ आम जन से व्यवहार करना चाहिए।
-जितेंद्र वर्मा, विधायक, फतेहाबाद
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय : 1.54 लाख छात्र होंगे प्रोन्नत, 2.65 लाख की होगी परीक्षा